ब्रिक्स ट्रेड यूनियन फोरम समिट में एसईसीएल ने किया कोल इंडिया का प्रतिनिधित्व, निदेशक (एचआर) बिरंची दास ने साझा किए श्रेष्ठ एचआर मॉडल

कोरबा, 15 जुलाई। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 के अंतर्गत हैदराबाद में 14 से 16 जुलाई तक आयोजित ब्रिक्स ट्रेड यूनियन फोरम समिट में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने कोल इंडिया लिमिटेड का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर कोल इंडिया की मानव संसाधन प्रबंधन, कर्मचारी कल्याण और सामाजिक विकास से जुड़ी श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को प्रस्तुत किया।

समिट में आयोजित “ब्रिक्स+ देशों में सर्वोत्तम प्रथाएं” विषयक पैनल चर्चा को संबोधित करते हुए बिरंची दास ने कोल इंडिया की कर्मचारी-केंद्रित नीतियों, औद्योगिक संबंधों और सामाजिक उत्तरदायित्व आधारित पहलों की जानकारी विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि देश के सबसे बड़े नियोक्ताओं में शामिल कोल इंडिया अपने 2.2 लाख से अधिक कर्मचारियों के लिए कर्मचारी कल्याण, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास तथा सौहार्दपूर्ण औद्योगिक संबंधों को प्राथमिकता देते हुए उत्पादकता और कर्मचारी हितों के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहा है।
उन्होंने एसईसीएल द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया। विशेष रूप से “एसईसीएल के सुष्रुत” तथा “एसईसीएल की धड़कन” जैसी पहल के माध्यम से कोयलांचल क्षेत्रों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में आए सकारात्मक बदलावों से अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को अवगत कराया।
गौरतलब है कि भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 की थीम “रेज़िलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी” रखी गई है। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय समिट में 50 से अधिक विदेशी प्रतिनिधियों के साथ भारतीय ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि, श्रम विशेषज्ञ और शिक्षाविद शामिल हुए। सम्मेलन में सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा, भविष्य के कार्यबल के लिए कौशल विकास, मानव-केंद्रित प्रौद्योगिकी, उत्तरदायी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा बदलती कार्य संस्कृति में महिलाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक मंथन किया गया।




