Chhattisgarh

बिलासपुर रेंज में ‘अनुभव’ क्यूआर कोड सिस्टम का शुभारंभ

0.थानों की व्यवस्था पर आमजन सीधे आईजी को दे सकेंगे फीडबैक

बिलासपुर,06फरवरी 2026।
बिलासपुर पुलिस रेंज में पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण नवाचार की शुरुआत की गई है। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग की परिकल्पना से विकसित ‘अनुभव’ क्यूआर कोड सिस्टम का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ किया गया।

बिलासपुर पुलिस लाइन स्थित चेतना हाल में आयोजित कार्यक्रम में संभाग आयुक्त अनिल जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह की उपस्थिति में इस व्यवस्था को लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में रेंज के सभी जिलों—कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़ और सक्ती—के पुलिस अधीक्षक वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

इस नई व्यवस्था के तहत थानों एवं पुलिस कार्यालयों में लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर आम नागरिक अपने अनुभव और फीडबैक सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय तक भेज सकेंगे। क्यूआर कोड स्कैन करने पर एक सरल गूगल फॉर्म खुलेगा, जिसमें प्रश्न-उत्तर के माध्यम से फीडबैक दर्ज किया जा सकेगा। नागरिक चाहें तो अपनी पहचान और मोबाइल नंबर गोपनीय भी रख सकते हैं।

इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि वर्तमान समय में पुलिस को तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम बनाना आवश्यक है। ‘अनुभव’ पहल के माध्यम से आमजन सरल तकनीक का उपयोग कर पुलिस से जुड़े अपने वास्तविक अनुभव साझा कर सकेंगे, जिससे थानों और पुलिस कार्यालयों की कार्यप्रणाली में समय रहते सुधार संभव होगा। उन्होंने बताया कि आज से रेंज के सभी आठ जिलों के सभी थानों में यह व्यवस्था एक साथ लागू कर दी गई है।

जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे आम नागरिक बिना किसी वरिष्ठ कार्यालय के चक्कर लगाए अपनी समस्याएं और अनुभव सीधे उच्च अधिकारियों तक पहुँचा सकेंगे। संभाग आयुक्त अनिल जैन ने कहा कि हम जनता के सेवक हैं और हमारे कार्यों का मूल्यांकन भी जनता के फीडबैक से होना चाहिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने बताया कि जिले के सभी थानों में ‘अनुभव’ क्यूआर कोड स्थापित कर दिए गए हैं और थाने आने वाले फरियादियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशिमोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल तथा पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने भी इस पहल को पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक बताया।

कार्यक्रम के दौरान क्यूआर कोड का रिबन काटकर विधिवत शुभारंभ किया गया। साथ ही ‘अनुभव’ प्रणाली की उपयोगिता को दर्शाने वाली वीडियो प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत की गई। आयोजन में शहर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधि तथा प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह द्वारा अतिथियों को स्मृति-चिन्ह प्रदान किए गए। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस व्यवस्था का सदुपयोग करें, अपने वास्तविक अनुभव साझा करें और यदि कोई कमी हो तो निर्भय होकर फीडबैक दें, ताकि पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button