Chhattisgarh

बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित करने पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 6 लोगों को किया गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 15 मार्च। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरौद तिवारीपारा में बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित करने और विवाद की स्थिति बनने पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आज रविवार को 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए तहसील न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च को सूचना मिली कि ग्राम खरौद तिवारीपारा में रमाशंकर साहू अपने निवास पर कुछ लोगों को एकत्र कर बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित कर रहा है। इसकी जानकारी मोहल्ले के लोगों को होने पर उन्होंने इसका विरोध किया, जिसके बाद वहां मौजूद कुछ महिला और पुरुषों द्वारा विवाद और हंगामा शुरू कर दिया गया।

सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और गवाहों की मौजूदगी में संबंधित लोगों को कई बार समझाइश दी गई, लेकिन वे उत्तेजित होकर जोर-जोर से चिल्लाने लगे, जिससे गांव में भय और अशांति का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए किसी अप्रिय घटना की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

पुलिस ने इस मामले में येनिवेश साहू (21), किशन यादव (23), रमाशंकर साहू (47) निवासी खरौद, मोतीलाल रात्रे (35) निवासी सेमरिया थाना बिर्रा सहित दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण तैयार कर तहसील न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम के प्र.आर. तारिकेश पाण्डेय, नितिन द्विवेदी, प्रवीण साहू, म.आर. सरोजनी कटकवार और सरिता लहरे का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button