बिजली बकायादारों पर विभाग की बड़ी कार्रवाई, 378 कनेक्शन काटे; 52.52 लाख रुपए वसूले

जांजगीर-चांपा। बिजली बिल के बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने 27 अगस्त को अकलतरा, पामगढ़ और शिवरीनारायण क्षेत्र में सामूहिक लाइन विच्छेदन अभियान चलाया। अभियान के दौरान 378 विद्युत कनेक्शन काटे गए और बकायादारों से मौके पर 52 लाख 52 हजार 600 रुपए की राशि वसूल की गई। रायगढ़ क्षेत्र के मुख्य अभियंता मनीष तनेजा के निर्देशन और जांजगीर के अधीक्षण अभियंता अमर चौधरी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में अकलतरा विकासखंड, पामगढ़ विकासखंड और शिवरीनारायण क्षेत्र के बकायादार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। विभाग के अनुसार इन 378 कनेक्शनों पर कुल करीब 1 करोड़ 21 लाख 25 हजार 200 रुपए की बकाया राशि थी।
अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल जमा करने की समझाइश भी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लाइन विच्छेदन के बाद यदि कोई उपभोक्ता बिना अनुमति स्वयं कनेक्शन जोड़कर बिजली का उपयोग करता पाया गया तो उसके खिलाफ विद्युत अधिनियम 2005 की धारा 135/138 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 की जानकारी भी दी। पात्र उपभोक्ता योजना के तहत बकाया बिजली बिल और सरचार्ज में निर्धारित छूट का लाभ ले सकते हैं। वहीं, बकाया बिल का भुगतान करने के बाद पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को राज्य शासन की हाफ बिजली बिल योजना का लाभ भी मिल सकता है। इसके तहत पात्र उपभोक्ताओं को हर महीने 200 यूनिट तक की बिजली खपत पर निर्धारित छूट दी जाती है।
विद्युत विभाग ने बताया कि बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ लाइन विच्छेदन और राजस्व वसूली की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य बकाया राजस्व की वसूली के साथ उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल भुगतान के लिए प्रेरित करना है।




