बालको चिमनी हादसा: गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश, आरोपी की होटल में मौजूदगी की पुष्टि

कोरबा। बालको चिमनी हादसे से जुड़े प्रकरण की सुनवाई के बीच गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, कोर्ट में गवाही देने पहुंचे कुछ गवाह शहर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले का आरोपी भी उसी होटल में ठहरा हुआ है और गवाहों को बरगलाकर प्रभावित करने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और होटल में जांच-पड़ताल की।
जांच के दौरान गवाह पृथ्वीनाथ सिंह अपने पुत्र मनु सिंह के साथ होटल में ठहरे मिले। वहीं, चिमनी हादसे के आरोपी वासमसेटी वेंकटेश के भी उसी होटल में ठहरने की पुष्टि हुई। पुलिस ने होटल स्टाफ से पूछताछ कर आरोपी की उपस्थिति का सत्यापन किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी द्वारा गवाह को मोबाइल के माध्यम से संदेश भेजकर प्रभावित करने की कोशिश की गई थी। इन संदेशों में प्रकरण से जुड़े गवाह के बयान की जानकारी साझा की गई थी। पुलिस ने संबंधित मोबाइल की जांच कर साक्ष्य एकत्रित किए और पंचनामा की कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, गवाह को प्रभावित करने के प्रयास को गंभीरता से लेते हुए वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।




