Chhattisgarh

बस्तर ओलंपिक 2026: 1 अक्टूबर से शुरू होगा पंजीयन, नवंबर में विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं

रायपुर, 30 सितंबर 2026। बस्तर क्षेत्र के युवाओं की खेल प्रतिभा को मंच देने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक के तीसरे संस्करण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बस्तर ओलंपिक के लिए खिलाड़ियों का पंजीयन 1 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन चरणों में विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर किया जाएगा।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने बस्तर संभाग के आयुक्त और सभी जिलों के कलेक्टरों को आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक युवाओं और खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

नवंबर से शुरू होंगी प्रतियोगिताएं

बस्तर ओलंपिक के तहत विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं 1 से 13 नवंबर, जिला स्तर की प्रतियोगिताएं 16 से 25 नवंबर और संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं 7 से 11 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित हैं।

प्रतियोगिताओं में जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष आयु के बालक-बालिकाएं, जबकि सीनियर वर्ग में महिला एवं पुरुष प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए प्रतिभागियों और पुनर्वासित सदस्यों की भागीदारी सीधे संभाग स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी।

11 खेलों में होगा मुकाबला

बस्तर ओलंपिक में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराते, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। एथलेटिक्स में 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले शामिल हैं। तीरंदाजी में 30 और 50 मीटर की स्पर्धाएं होंगी।

हॉकी और वेटलिफ्टिंग का आयोजन सीधे जिला स्तर पर किया जाएगा। वहीं सीनियर महिला वर्ग के लिए रस्साकसी को प्रदर्शनात्मक खेल के रूप में शामिल किया गया है।

पिछले संस्करणों में लाखों खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

बस्तर ओलंपिक का पहला संस्करण वर्ष 2024 में आयोजित हुआ था, जिसमें करीब 1 लाख 65 हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया। वर्ष 2025 में दूसरे संस्करण के लिए 3 लाख 91 हजार खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पहले संस्करण के 13 और दूसरे संस्करण के 18 उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को यूथ आइकॉन के रूप में चिन्हित किया गया था।

Related Articles

Back to top button