बदमाशों पर कोरबा पुलिस की सख़्ती, 65 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

कोरबा। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में जिलेभर में की गई।
इस दौरान सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी करने वाले एवं बेवजह झुंड में घूमने-बैठने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध सख़्त वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा प्रतिबंधात्मक धारा 128 बीएनएसएस के तहत कुल 45 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत 12 प्रकरणों में कुल 20 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस प्रकार कुल 65 लोगों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के दायरे में लाया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करना है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई लगातार और सघन रूप से जारी रहेगी।










