Chhattisgarh

बंद कोयला खदान बनेगी हरित क्षेत्र, 25 हजार पौधों के रोपण अभियान में स्काउट्स-गाइड्स ने निभाई सक्रिय भूमिका

कोरबा। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने की दिशा में छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। निगम के नेतृत्व में बंद हो चुकी कोयला खदान को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत मिट्टी से समतल की गई परित्यक्त खदान में 25 हजार पौधों का रोपण किया जा रहा है।

इस महाअभियान में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कोरबा के स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स एवं लीडर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी में पर्यावरण के प्रति जागरूकता, प्रकृति संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है।

इस अवसर पर परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी विनोद पाटले, सहायक परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी धनेश्वर प्रसाद राठौर, रोवर लीडर जगन्नाथ सिंह नेताम, गाइड कैप्टन ममता सोनवानी, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला यूथ कमेटी के अध्यक्ष पप्पू चंद्रा तथा छत्तीसगढ़ प्रेरणा पब्लिक स्कूल की शिक्षिका दीपिका चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। अभियान में शामिल स्काउट्स-गाइड्स ने भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button