प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना : वार्ड क्र. 04 के शिविर में पहुंचकर महापौर ने लिया सोलर पैनल कनेक्शन

0 निगम की टीम वार्डवार कैम्प का आयोजन कर पीएम सूर्य घर योजना अंतर्गत सोलर पैनल लगवाने लोगों को कर रही प्रेरित व प्रोत्साहित
कोरबा 03 फरवरी 2026 – महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत अपने निवास स्थान पर सोलर पैनल लगवाने हेतु आज वार्ड क्र. 04 में आयोजित कैम्प में पहुंची तथा अपने घर में सोलर पैनल लगवाने की प्रक्रिया पूरी की, उनके द्वारा अपनी बहु श्रीमती स्वाति सिंह के नाम पर 05 किलोवाट सोलर पैनल कनेक्शन लिया गया है, वहीं वार्ड पार्षद रविसिंह चंदेल ने भी शिविर में पहुंचकर अपने घर में सोलर पैनल लगवाने की प्रक्रिया पूरी की। निश्चित रूप से महापौर श्रीमती राजपूत के इस कदम से अन्य लोगों को भी योजना के अंतर्गत सोलर पैनल लगवाने की प्रेरणा मिलेगी तथा वे सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठा सकेंगे।
यहा उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की महती योजना प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का क्रियान्वयन फरवरी 2024 में आम जनता के हित में किया गया था , जनहित में लागू की गई यह योजना आवासीय परिसरो,घरों में रूफ टॉप सोलर पैनल सयंत्र स्थापित कर उपभोक्ताओं को बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, इसके माध्यम से उपभोक्ता न केवल अपने घरेलू बिजली आवश्यकताओं की पूर्ति कर सकेंगे बल्कि अतिरिक्त विद्युत को ग्रिड में प्रवाहित कर आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर पाएंगे, यह पहल हर घर को ऊर्जा उत्पादक बनाने, बिजली हेतु आत्मनिर्भर करने तथा बिजली बिल के भार से मुक्त होने व इससे अतिरिक्त आय अर्जित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा ।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य सरकार इस योजना के सफल क्रियान्वयन तथा इसका अधिकाधिक लाभ आम नागरिकों को पहुचाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। राज्य शासन से प्राप्त दिशा निर्देशों के तहत नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र अंतर्गत प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के क्रियान्वयन हेतु निगम पूरी इच्छा शक्ति के साथ कार्य कर रहा है, इसी कड़ी में अब निगम के अधिकारी कर्मचारियों की टीम 27 जनवरी से वार्ड व बस्तियों में पहुंच रही है तथा वार्ड के पार्षद , नागरिकों व विद्युत विभाग के अधिकारियों के समन्वय से योजना के सफल क्रियांवयन हेतु विशेष अभियान संचालित कर रही है, एवं शिविर लगा रही है।
इसी कड़ी में आज वार्ड क्र. 04 राताखार में शिविर लगाया गया। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत भी उक्त शिविर में पहुंची तथा अपने निवास स्थान में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत 05 किलोवाट का सोलर पैनल लगवाने की प्रक्रिया पूरी की। इस मौके पर पार्षद रविसिंह चंदेल के साथ ही पार्षद तरूण राठौर, ईश्वर पटेल, योगेश मिश्रा, दीपक यादव, निगम के उपायुक्त बी.पी.त्रिवेदी, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, अर्चना झा, हेमलता निर्मलकर, मीना कोसले, रंजिता मोर्य, मीरा मांझी, अनिता वैष्णव आदि उपस्थित थे।




