नेतानार पहुँचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, चखी बस्तर की इमली; बोले— “यहां की इमली खट्टी नहीं, मीठी है”

शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा का उद्घाटन, ग्रामीणों तक पहुँची डिजिटल सरकार
रायपुर/बस्तर, 18 मई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah ने सोमवार को बस्तर जिले के नेतानार ग्राम स्थित सीआरपीएफ कैंप का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने “शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा (जन सुविधा केंद्र)” का उद्घाटन किया और ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया।
गृह मंत्री ने इमली प्रसंस्करण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की और जाना कि वे इमली प्रसंस्करण एवं बिक्री के माध्यम से अपनी आय बढ़ा रही हैं। इस दौरान उन्होंने बस्तर की प्रसिद्ध इमली का स्वाद भी चखा और कहा कि “यहां की इमली खट्टी नहीं, बल्कि मीठी है।”
गुंडाधूर महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य लंबी नाग ने बताया कि समूह से जुड़कर महिलाएं सालाना लगभग एक लाख रुपये तक की आय अर्जित कर सकेंगी। समूह द्वारा उच्च गुणवत्ता वाला इमली पल्प तैयार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल रही है।
इसके बाद अमित शाह ने सेवा सेतु केंद्र का निरीक्षण किया। यहां ग्राम नेतानार की निवासी सुखदेवी ने बताया कि उन्होंने अपनी पांच माह की बेटी पद्मा का आधार कार्ड बनवाया है। उन्होंने कहा कि पहले आधार संबंधी कार्यों के लिए 10 किलोमीटर दूर नानगुर तक पैदल जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही सभी सुविधाएं उपलब्ध हो गई हैं।
केंद्र में ग्रामीणों को नया आधार कार्ड बनवाने, आधार अपडेट, ई-केवाईसी, मोबाइल नंबर अपडेट और ई-आधार जैसी सेवाएं मिल रही हैं। इसके अलावा जन्म, आय, जाति सहित विभिन्न प्रमाण पत्र भी एक ही स्थान पर बनाए जा रहे हैं।
ग्रामीण महिला सोनामनी ने बताया कि दूरी अधिक होने के कारण वे लंबे समय से महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी नहीं करा पा रही थीं, लेकिन गांव में केंद्र खुलने से उन्हें तत्काल सुविधा मिल गई।
सेवा केंद्र में महिलाओं को “बैंक सखी” का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसके माध्यम से ग्रामीण महिलाएं गांव में ही बैंकिंग सेवाएं जैसे नकद जमा-निकासी, खाता खोलना, केवाईसी, मोबाइल नंबर अपडेट और स्व-सहायता समूहों के लिए क्रेडिट लिंकिंग जैसी सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगी।
गृह मंत्री ने सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का भी दौरा किया, जहां महिलाओं को बेसिक और एडवांस सिलाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त कर रही विजय कुमारी ने बताया कि सिलाई सीखने के बाद वे अपने परिवार का बेहतर ढंग से पालन-पोषण कर सकेंगी।
इसके अलावा अमित शाह ने धान डेकी प्रशिक्षण केंद्र में ग्रामीण महिलाओं से चर्चा की। इस पहल से महिलाओं की आय में वृद्धि के साथ-साथ धान की भूसी का उपयोग पशुओं के पौष्टिक आहार के रूप में भी किया जा सकेगा।
इस अवसर पर Vishnu Deo Sai, Vijay Sharma, मुख्य सचिव विकासशील तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।




