नवा रायपुर में राज्योत्सव की धूम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लेकर मीना बाजार और शिल्पग्राम तक उमड़ रही भीड़

- खाना खजाना जोन में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का ले रहे स्वाद, विभागीय स्टॉलों में दिख रही सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की झलक
रायपुर, 3 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का आयोजन नवा रायपुर में उत्साह और उमंग के साथ किया जा रहा है। तीन दिवसीय राज्योत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लेकर मीना बाजार, शिल्पग्राम और खाना खजाना जोन तक लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मुख्य मंच पर रोजाना हो रही रंगारंग प्रस्तुतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। स्थानीय कलाकारों की संगीत प्रस्तुतियां भी राज्योत्सव के माहौल को खास बना रही हैं।
राज्योत्सव स्थल पर बनाए गए शिल्पग्राम में छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और हस्तशिल्प की झलक देखने को मिल रही है। यहां आकर्षक सजावट और विभिन्न उत्पाद लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। शिल्पग्राम में सेल्फी सेंटर भी बनाया गया है, जहां लोग यादगार तस्वीरें ले रहे हैं। वहीं, मीना बाजार में मनोरंजन के लिए विभिन्न आकर्षण उपलब्ध हैं। बड़ी संख्या में परिवार यहां पहुंचकर मेले का आनंद उठा रहे हैं।
खाना खजाना जोन में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद
राज्योत्सव का खाना खजाना जोन भी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां किफायती कीमतों पर विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया जा सकता है। छत्तीसगढ़ी खानपान के शौकीनों के लिए फरा, चीला, चौसेला, मूंगौड़ी बड़ा और साबूदाना बड़ा सहित कई पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध हैं। इसके अलावा फास्ट फूड और अन्य नाश्ते के विकल्प भी मौजूद हैं। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता का ध्यान रखा जा रहा है। परिवार सहित पहुंच रहे लोग यहां लजीज व्यंजनों का आनंद ले रहे हैं।

विभागीय स्टॉलों में दिख रही विकास और योजनाओं की झलक
राज्योत्सव में शासन के विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, नवाचारों और विभागीय उपलब्धियों की जानकारी दी जा रही है। प्रत्येक विभाग ने अपनी गतिविधियों और उपलब्धियों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया है। कहीं आधुनिक तकनीक और अनूठे प्रयोग लोगों का ध्यान खींच रहे हैं, तो कहीं योजनाओं की जानकारी सरल और रोचक तरीके से दी जा रही है।
राज्योत्सव में खनिज संसाधन, खेल एवं युवा कल्याण, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, जनसंपर्क, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, आवास एवं पर्यावरण, संस्कृति एवं पर्यटन, श्रम, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, ऊर्जा, स्वास्थ्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं।
इसके अलावा चिप्स, बालको, एसईसीएल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, एनटीपीसी, बीएसएनएल, भिलाई स्टील प्लांट, जिंदल स्टील, एनएमडीसी और अन्य औद्योगिक एवं सार्वजनिक उपक्रमों ने भी अपने स्टॉल लगाए हैं।
कुल मिलाकर नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा, खानपान, कला, उद्योग और विकास की उपलब्धियों को एक ही मंच पर प्रस्तुत कर रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मनोरंजन और विभागीय प्रदर्शनियों के चलते राज्योत्सव में हर आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी देखने को मिल रही है।




