Chhattisgarh

धान खरीदी में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस और किसानों का प्रदर्शन, चांपा में एसडीएम कार्यालय का घेराव

जांजगीर-चांपा। जिले में धान खरीदी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, टोकन नहीं मिलने, एग्रीटेक पोर्टल में पंजीयन की समस्याओं और रकबा कटौती से नाराज कांग्रेस पार्टी और किसानों ने चांपा तहसील कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। इसके पश्चात आक्रोशित किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

यह प्रदर्शन जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि धान खरीदी की अंतिम तिथि नजदीक होने के बावजूद हजारों किसानों का धान अब तक नहीं बिक पाया है। किसानों को समय पर टोकन जारी नहीं किए जा रहे हैं और एग्रीटेक पोर्टल पर तकनीकी दिक्कतों के कारण पंजीयन में परेशानी हो रही है। इसके अलावा रकबा कटौती के चलते किसान अपनी पूरी उपज बेचने से वंचित हो रहे हैं। राजेश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि किसान बार-बार दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं और यदि शीघ्र टोकन जारी कर धान खरीदी सुनिश्चित नहीं की गई तो कांग्रेस किसानों के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी।

जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की उदासीनता और कुशासन के कारण किसान अपने ही उत्पाद को बेचने के लिए दर-दर भटक रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिन किसानों को टोकन जारी किए गए हैं, उनका भी पूरा धान नहीं लिया जा रहा है। कहीं आधा धान खरीदा जा रहा है तो कहीं 40 प्रतिशत तक कटौती की जा रही है। कई केंद्रों पर टोकन होने के बावजूद धान लेने से इनकार किया जा रहा है, जो किसानों के साथ अन्याय है।

कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील साधवानी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन बम्हनीडीह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रविंद्र शर्मा ने किया। प्रदर्शन में विधायक प्रतिनिधि, प्रदेश व जिला स्तर के कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और किसान उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में धान खरीदी व्यवस्था में सुधार, टोकन जारी करने और किसानों की उपज की पूरी खरीदी की मांग की।

Related Articles

Back to top button