Chhattisgarh

धमतरी में शराब के लिए पैसे मांगने से मना किया तो युवक पर चाकू से हमला, बहन से भी मारपीट; आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। शहर के जालमपुर इलाके में शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर चाकू से हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने 20 वर्षीय आरोपी कृष भारती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया 10.5 इंच लंबा धारदार स्टील का चाकू भी बरामद कर जब्त किया गया है। पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी हैं।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने चाकूबाजी और मारपीट के इस मामले में कार्रवाई की।

घटना 28 अगस्त 2026 की है। प्रार्थी अभिषेक बंजारे मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान जालमपुर मिडिल स्कूल के पास आरोपी कृष भारती ने उसका रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगे। अभिषेक ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने धारदार चाकू से हमला कर अभिषेक को घायल कर दिया।

घटना के दौरान अभिषेक की बहन शारदा टेकाम बीच-बचाव करने पहुंची। आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। घटना के बाद प्रार्थी ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत बीएनएस की धारा 119, 296, 118(1) और 351(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी कृष भारती से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया और उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया।

पुलिस ने चाकू को विधिवत जब्त कर लिया। हथियार की कुल लंबाई 10.5 इंच पाई गई। धारदार हथियार की बरामदगी के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई।

पुलिस ने आरोपी कृष भारती पिता शक्ति भारती, उम्र 20 वर्ष, निवासी महंत घासीदास वार्ड, जालमपुर, धमतरी को 30 अगस्त 2026 को दोपहर 1:15 बजे विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 12 सितंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button