Chhattisgarh

धमतरी में त्योहारी सीजन से पहले यातायात व्यवस्था की तैयारी तेज, पुलिस-व्यापारी संघ की बैठक में बनी सहमति

धमतरी, 15 सितंबर 2026। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए धमतरी शहर में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने की कवायद शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल और डीएसपी साइबर भानू प्रताप चंद्राकर ने व्यापारी संघ के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ बैठक कर शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में त्योहारों के दौरान बाजार क्षेत्रों में बढ़ने वाली भीड़, यातायात दबाव, पार्किंग व्यवस्था और प्रमुख चौक-चौराहों पर आवागमन को लेकर चर्चा हुई। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों के सामने कई व्यावहारिक सुझाव रखे। पुलिस अधिकारियों ने सुझावों पर चर्चा करते हुए व्यापारियों के साथ आपसी समन्वय और सहयोग से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर सहमति जताई।

पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से अपील की कि त्योहारी दिनों में बाजारों में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए वे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। दुकानों के सामने अनावश्यक रूप से वाहन खड़े नहीं होने देने और ग्राहकों को भी व्यवस्थित पार्किंग के लिए प्रेरित करने की बात कही गई।

बैठक के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल, डीएसपी साइबर भानू प्रताप चंद्राकर सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मकई चौक से सदर बाजार होते हुए इतवारी बाजार तक पैदल पेट्रोलिंग की। इस दौरान बाजार के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का जायजा लिया गया। पुलिस ने उन स्थानों को चिन्हांकित किया, जहां त्योहारी सीजन के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहारी अवधि में आम नागरिकों, व्यापारियों और बाहर से आने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जरूरत के अनुसार पुलिस बल की तैनाती, पेट्रोलिंग और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाएगा।

धमतरी पुलिस और व्यापारी संघ के बीच हुई इस बैठक को आगामी त्योहारी सीजन में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से नियमों का पालन करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल, डीएसपी साइबर भानू प्रताप चंद्राकर, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जगत, उनि. केआर साहू, कैट जिलाध्यक्ष महेश जसूजा, घड़ी चौक व्यापारी संघ अध्यक्ष ज्ञानचंद लूनावत, सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष ललित बरडिया, घड़ी चौक व्यापारी संघ सचिव राजू पंजवानी सहित चेतन हिंदुजा, कल्याण मुलवानी, देवा अन्दानी, संजय लुंकड़ और अन्य व्यापारी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button