धमतरी में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, 23 पौवा देशी शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी, 29 सितंबर 2026। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बिरेझर चौकी पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध रूप से देशी शराब बेच रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 23 नग देशी प्लेन मदिरा और शराब बिक्री की रकम 450 रुपये बरामद की है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 2,750 रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, बिरेझर चौकी को मुखबिर से ग्राम कोड़ापार और चटोद में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों स्थानों पर दबिश दी। ग्राम कोड़ापार में टाइल्स फैक्ट्री के पास पुलिस ने शुभम साहू, पिता राजू साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी कोड़ापार को अवैध रूप से शराब बेचते पकड़ा। उसके कब्जे से 11 नग देशी प्लेन मदिरा, जिसकी कीमत करीब 1,100 रुपये है, और बिक्री रकम 300 रुपये बरामद की गई। इस मामले में कुल 1,400 रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
वहीं दूसरे मामले में ग्राम चटोद स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास पुलिस ने मनमोहन साहू, पिता ईश्वर लाल साहू, उम्र 36 वर्ष, निवासी चटोद को अवैध शराब बिक्री करते गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 12 नग देशी प्लेन मदिरा, जिसकी कीमत करीब 1,200 रुपये है, और बिक्री रकम 150 रुपये बरामद की गई। इस मामले में कुल 1,350 रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 23 नग देशी प्लेन शराब और 450 रुपये नकद जब्त किए हैं। धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




