Chhattisgarh

धमतरी पुलिस को नशा विरोधी अभियान में मिली बड़ी सफलता, हेरोइन बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी, 26 नवंबर 2025।
जिले में नशा उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने अवैध ड्रग्स तस्करी करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। एसपी धमतरी के निर्देशन पर सभी थानों में लगातार चल रही कार्यवाही के बीच थाना सिटी कोतवाली की पुलिस टीम ने श्रीराम नगर स्थित सेन समाज भवन के पास दबिश दी और मौके से दोनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से कुल 1.5 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा दोनों से दो मोबाइल फोन जिनकी कीमत 27 हजार रुपये, बिक्री रकम 5500 रुपये, दो सिल्वर फाइल पेपर, पांच रेपर, एक लाइटर तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी जब्त की गई। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 48 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने मामले में अप.क्र. 312/25 धारा 21(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अम्बेडकर वार्ड निवासी नरेन्द्र उर्फ निखिल निर्मलकर (26 वर्ष) तथा इन्द्रा नगर, नयापारा वार्ड निवासी खिलेश उर्फ सोनू देवांगन (24 वर्ष) के रूप में हुई है।

एसपी धमतरी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि नशे के अवैध व्यापार और सेवन पर सतत निगरानी रखते हुए अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सिटी कोतवाली की यह कार्रवाई नशे के नेटवर्क को खत्म करने के दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है और पुलिस ने आगे भी ऐसे ऑपरेशन जारी रखने की बात कही है।

धमतरी पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्यवाही से शहर में अवैध ड्रग्स की बिक्री पर एक और बड़ा प्रहार हुआ है, जिससे नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Related Articles

Back to top button