धमतरी पुलिस के 16 अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान, उत्कृष्ट कार्य के लिए एसपी भावना पांडेय ने दिए प्रशस्ति पत्र

धमतरी। पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट, सराहनीय और कर्तव्यनिष्ठ कार्य करने वाले धमतरी पुलिस के 16 अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस कार्यालय धमतरी में आयोजित सम्मान समारोह में अपराध नियंत्रण, सूचना संकलन, कार्यालयीन कार्य, सुरक्षित वाहन संचालन, रक्तदान और खेल प्रतिभा सहित विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया गया।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने कहा कि पुलिस विभाग के प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी का जिम्मेदारी और समर्पण के साथ किया गया कार्य कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण करने और आमजन की सुरक्षा एवं सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ता है और अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
सम्मानित पुलिसकर्मियों में आरक्षक अनुराग पाण्डेय को थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया। प्रधान आरक्षक उमाकांत साहू और आरक्षक फलेश साहू को कार्यालयीन कार्यों के उत्कृष्ट संपादन के लिए सम्मानित किया गया। आरक्षक चालक छोटेलाल साहू को सतर्कता और सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
इसी तरह प्रधान आरक्षक हरीश साहू, आरक्षक महेन्द्र सिन्हा, आरक्षक भागवत खांडेकर और महिला आरक्षक कलेश्वरी कुंजाम को सूचना संकलन के माध्यम से अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। आरक्षक शेख अलीमुद्दीन को समय-समय पर रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
उपनिरीक्षक प्रेमप्रसाद उपाध्याय और आरक्षक टिकेश्वर पटेल को जिला विशेष शाखा में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वहीं आरक्षक जीतेन्द्र कतलम और पुनम सोनवानी को सूचना संकलन के क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया।
इसके अलावा निरीक्षक एवं थाना प्रभारी कुरूद अवध राम साहू, आरक्षक सुजय मंडल और आरक्षक शेख अलीमुद्दीन को 5वीं जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान एसपी भावना पांडेय ने सभी सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, सतर्कता और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। एसपी ने कहा कि धमतरी पुलिस आमजन की सुरक्षा और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है तथा उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को आगे भी लगातार प्रोत्साहित किया जाएगा।
इस अवसर पर पुलिस कार्यालय धमतरी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




