दो मालगाड़ियों की टक्कर: 6 डिब्बे पटरी से उतरे, ड्राइवर घायल

यूपी के सुलतानपुर जंक्शन के समीप गुरुवार तड़के दो मालगाड़ियों की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में एक मालगाड़ी का ड्राइवर घायल हुआ है. वहीं एक मालगाड़ी के करीब आधा दर्जन डिब्बे पटरी से उतर गए हैं. हादसे के बाद लखनऊ-वाराणसी और अयोध्या-प्रयागराज रेलवे ट्रैक बाधित हुआ हैं. हादसे में जान के नुकसान की खबर नहीं है लेकिन दोनों ही मालगाड़ियों के इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं. हादसे के बाद रूट पर रेल यातायात प्रभावित है.

फिलहाल रेलवे के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और ट्रैक को क्लियर कराने का काम जारी है. जानकारी के मुताबिक सुल्तामपुर जंक्शन के दक्षिणी केबिन के पास एक ही ट्रैक पर दो मालगाड़ियों के आ जाने से यह हादसा हुआ.

जानकारी के मुताबिक करीब साढ़े पांच बजे लखनऊ और वाराणसी की ओर से आ रही दो मालगाड़ियों की आमने-सामने टक्कर हो गई. इस घटना में वाराणसी की ओर से आ रही मालगाड़ी का ड्राइवर घायल बताया जा रहा है. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई है. आप घटनास्थल की तस्वीरों में देख सकते हैं कि मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतरे हुए हैं. अगर यह हादसा मालगाड़ी की जगह यात्री ट्रेन के साथ हुआ होता तो बड़ा हादसा हो सकता था.

हादसे की जानकारी लगते ही रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया. अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और रेल यातायात को ठीक करने में जुट गए.

Related Articles

Back to top button