Chhattisgarh

देश के वीर जवानों के लिए स्काउट्स-गाइड्स ने सौंपे 5,417 रक्षा सूत्र

कोरबा। देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कोरबा ने ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र 0.4- 2026’ के तहत 5,417 रक्षा सूत्र (राखियां) सौंपे। इन रक्षा सूत्रों के साथ जवानों के लिए संदेश पत्र और पवित्र मिट्टी भी भेजी गई।

राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत कोरबा जिले की कब, बुलबुल, स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स एवं रेंजर्स इकाइयों ने मिलकर 5,417 रक्षा सूत्र तैयार किए। प्रतिभागियों ने देश की रक्षा में तैनात जवानों के नाम भावनात्मक संदेश पत्र लिखे तथा अपने क्षेत्र की पवित्र मिट्टी भी एकत्रित की। बुधवार को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कोरबा की ओर से पूर्व सैनिक महासभा एवं सिपाही संगठन के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह राणा को रक्षा सूत्र, संदेश पत्र एवं मिट्टी का बॉक्स सौंपा गया। इस अवसर पर जिला संयुक्त सचिव रेखारानी लाल, जिला प्रशिक्षण आयुक्त पुष्पा शांडिल्य, जिला संगठन आयुक्त डीगम्बर सिंह कौशिक एवं उत्तरा मानिकपुरी, गाइड कैप्टन पूर्णिमा भट्टाचार्य, रेणु श्रीवास्तव एवं ममता टोप्पो सहित बड़ी संख्या में स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स एवं रेंजर्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, डॉ. राजीव सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। गोपाल मोदी ने कहा कि यह पहल जवानों के प्रति सम्मान, भाईचारे और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश देती है।

Related Articles

Back to top button