तेज रफ्तार ट्रैक्टर का कहर: बाइक सवार युवक की मौत, दो गंभीर घायल

पेंड्रा, 05 अप्रैल 2026। जिले में तेज रफ्तार का एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। पेंड्रा क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन ग्रामीणों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिपरिया गांव निवासी भरत सिंह, छोटेलाल और सुखराम एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति में आ रहे एक ट्रैक्टर, जिसके पीछे खेत जोतने के लिए नागर लगा हुआ था, ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों का इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल भरत सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
वहीं अन्य दो घायल छोटेलाल और सुखराम की हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना पर गौरेला पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा के नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।




