Chhattisgarh

तेज रफ्तार का कहर: कोयला लदे ट्रेलर की टक्कर में पूर्व जनपद उपाध्यक्ष सहित 4 गंभीर घायल

कोरबा। जिले के भैसमा-उरगा मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। कूकरीचोली पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रेलर ने दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में कोरबा जनपद के पूर्व उपाध्यक्ष विक्की कंवर समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर तेज गति में था और अचानक अनियंत्रित होकर बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए डायल 112 को सूचना दी और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी गई है।

फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Related Articles

Back to top button