डॉ. लोकेन्द्र कश्यप कोच्चि (केरल) के लिए रवाना, आरएसएसडीआई के राष्ट्रीय सम्मेलन में होंगे शामिल

जांजगीर-चांपा। जिले के सुप्रसिद्ध डायबिटीज विशेषज्ञ डॉ. लोकेन्द्र कश्यप भारतीय मधुमेह अध्ययन अनुसंधान सोसायटी (आरएसएसडीआई) के राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने केरल के कोच्चि के लिए रवाना हो गए हैं। यह राष्ट्रीय सम्मेलन 6 नवंबर से 9 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के लगभग 4000 से 5000 डॉक्टर और विशेषज्ञ भाग लेंगे।
आरएसएसडीआई सोसायटी के सक्रिय सदस्य के रूप में डॉ. कश्यप हर वर्ष इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में भाग लेते हैं। यह आयोजन देश के चुनिंदा शहरों में बारी-बारी से होता है, जिसका उद्देश्य मधुमेह (डायबिटीज) और उससे जुड़ी जटिल बीमारियों पर नवीनतम शोध, उपचार विधियों और नई दवाओं पर विमर्श करना है।
इस सम्मेलन में विशेषज्ञ विभिन्न सत्रों के माध्यम से डायबिटीज, मोटापा, हृदय रोग, किडनी, लिवर, स्ट्रोक और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। ज्ञात हो कि मधुमेह एक ऐसी बीमारी है जो होने के बाद कई अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म देती है। इस सम्मेलन में इसी के रोकथाम, नियंत्रण और नवीन उपचारों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
कार्यक्रम में पोस्टर प्रेजेंटेशन, सदस्यों की मीटिंग और शोध कार्यों की प्रस्तुति भी होगी। दुनिया भर में बढ़ रहे मोटापे और उससे उत्पन्न जटिलताओं को देखते हुए नई दवाओं, सर्जरी और आधुनिक उपचार विधियों पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी।
डॉ. कश्यप ने प्रस्थान के पूर्व बताया कि ऐसे सम्मेलन डॉक्टरों को वैश्विक स्तर पर नवीनतम चिकित्सा अनुसंधान और उपचार विधियों से जोड़ते हैं, जिससे मरीजों को बेहतर और अद्यतन चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा सके।




