डीपीएस स्कूल जांजगीर के विद्यार्थियों का पुलिस कार्यालय भ्रमण, अधिकारियों से मिली प्रशासनिक सेवाओं की प्रेरणा

जांजगीर-चांपा। डीपीएस स्कूल जांजगीर के छात्र-छात्राओं ने 6 फरवरी 2026 को शैक्षणिक भ्रमण के तहत पुलिस कार्यालय जांजगीर का दौरा किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, अनुशासन और प्रशासनिक व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे वे कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित हुए।

भ्रमण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रेरित किया। अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए आईएएस एवं आईपीएस जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं की तैयारी की प्रक्रिया, आवश्यक रणनीति और लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर प्रकाश डाला।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और मेहनत के बल पर किसी भी परीक्षा में सफलता प्राप्त की जा सकती है। इस दौरान विद्यार्थियों ने जिज्ञासापूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल और प्रेरक तरीके से उत्तर दिया।
इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में प्रशासनिक सेवाओं के प्रति रुचि बढ़ी और उन्हें अपने भविष्य को लेकर नई दिशा तथा प्रेरणा प्राप्त हुई।










