झूठी शिकायतों और धमकियों से पंचायत का कार्य प्रभावित, सरपंच ने जताई चिंता

सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हिर्री के सरपंच श्रीमती लक्ष्मी चिमन लाल जोल्हे ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर लगातार झूठी एवं निराधार शिकायतें कर पंचायत की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पंचायत के विकास कार्यों में अनावश्यक बाधा उत्पन्न हो रही है।
सरपंच के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्तमान में आवेदन तथा दावा-आपत्ति की प्रक्रिया जारी है। जिन हितग्राहियों का नाम सूची से हट गया है अथवा जिन्हें अपात्र घोषित किया गया है, वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। सभी मामलों में शासन के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सरपंच ने बताया कि ग्राम पंचायत के सार्वजनिक व्हाट्सएप समूह में कुछ व्यक्तियों द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है तथा उन्हें, पंचायत सचिव और अन्य पंचायत पदाधिकारियों को भी कथित रूप से जान से मारने की धमकियां दी गई हैं। हालांकि अभी तक इस संबंध में पुलिस थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन इन घटनाओं के कारण पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों में भय का वातावरण बना हुआ है। उनका कहना है कि सार्वजनिक सोशल मीडिया मंच पर इस प्रकार की अभद्र टिप्पणियां और धमकीपूर्ण संदेश कानूनन गंभीर विषय हैं तथा संबंधित प्रावधानों के तहत इनकी जांच की जानी चाहिए।
सरपंच ने यह भी कहा कि पूर्व में भी उपसरपंच के पति द्वारा तीन से चार बार विभिन्न मामलों में शिकायतें की गई थीं। उन शिकायतों की जनपद पंचायत के अधिकारियों द्वारा विधिवत जांच कराई गई थी, जिसमें सभी शिकायतें निराधार पाई गईं। इसके बावजूद बार-बार इसी प्रकार की शिकायतें और आरोप लगाए जाने से पंचायत के नियमित कार्य एवं विकास गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
सरपंच ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को निर्भय होकर कार्य करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है।
क्या कहते हैं ग्राम पंचायत सचिव
इस संबंध में ग्राम पंचायत हिर्री के सचिव केशव भारद्वाज ने कहा कि आवास योजना में मेरे पंचायत में शासन के नियमानुसार ही आवेदन लिए जा रहे व साथ ही दावा आपत्ति भी लिया जा रहा है बावजूद इसके इस तरह जबरन शिकायत करना गलत है। केशव भारद्वाज सचिव ग्राम पंचायत हिर्री




