जीवन में चार बातों का निरंतर ध्यान रखना – कुलपति सारस्वत

- श्री महन्त लाल दास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवरीनारायण में आशीर्वाद समारोह संपन्न
श्री महन्त लाल दास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवरीनारायण में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के विदाई के उपलक्ष में आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया। इसके मुख्य अतिथि सुंदरलाल शर्मा पत्रकारिता मुक्त विश्वविद्यालय बिलासपुर के कुलपति प्रोफेसर व्ही के सारस्वत थे,कार्यक्रम की अध्यक्षता महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास ने की,विशिष्ट अतिथि के रूप में राघवेंद्र प्रताप सिंह एवं अन्य अतिथि उपस्थित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलित करके किया गया।
सरस्वती वंदना के पश्चात विद्यालय की छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा 12वीं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने अपना अनुभव सुनाया। इस अवसर पर मुख्य अभ्यागत कुलपति सारस्वत जी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि- हमें धर्म के साथ जीवन जीना चाहिए। धर्म जीवन जीने की पद्धति है। यदि हम प्रकृति के साथ जीवन जीते हैं तो यही धर्म है। प्रकृति हमें वनस्पति, जीवन, प्रकाश, वायु, जल सब कुछ प्रदान करती है, वह अपने नियमों का कभी उल्लंघन नहीं करती हमें उसके संतुलन को बनाए रखना है। उन्होंने कहा बिदाई जैसा हमारे जीवन में कोई शब्द नहीं है यह एक जीवन चक्र है जो चलते ही रहता है। बाल्यावस्था की विदाई के पश्चात किशोरावस्था की विदाई होती है, युवा अवस्था, प्रौढ़ अवस्था और वृद्धावस्था के पश्चात हम मृत्यु को प्राप्त करते हैं और पुन: जन्म लेकर शरीर धारण करते हैं यह चक्र है जो चलते ही रहता है। जीवन में चार बातों को हमेशा याद रखना प्रथम चेहरे पर हमेशा मुस्कुराहट, दूसरा मन के अंदर आभार का भाव,तीसरा किसी की भावना को ठेस नहीं पहुंचाना और चौथा अपने अंदर अहंकार को मत लाना! अच्छा करने का प्रयत्न हमेशा करते रहना इसके पूर्व कार्यक्रम के अध्यक्ष राजेश्री महन्त रामसुंदर दास ने कहा कि- मुख्य अतिथि जी जीवन में अत्यंत उच्च स्थान को प्राप्त करने के पश्चात भी सरलता को धारण करते हैं केवल एक बार फोन से हमने उन्हें इस कार्यक्रम में आने का आग्रह किया और वे उपस्थित हुए हम उनके प्रति आभार व्यक्त करते हैं आप सभी कक्षा 12वीं के पश्चात महाविद्यालय में अध्ययन के लिए जाएंगे ये कुलपति हैं जो महाविद्यालय को संचालित करते हैं इनका आशीर्वाद आपके लिए प्रेरणादायी होगा लोगों को शिक्षण समिति के सचिव राघवेंद्र प्रताप सिंह एवं पूर्णेन्द्र तिवारी ने भी संबोधित किया।

प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को अतिथियों ने सम्मानित किया। इस अवसर पर विशेष रूप से प्रोफेसर शर्मा (बिलासपुर), निरंजन लाल अग्रवाल, उदय राम कैवर्त, सुबोध शुक्ला, सुखराम दास जी, अशोक शर्मा, बसंत देवांगन, घनश्याम प्रसाद साहू, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव के अतिरिक्त महाविद्यालय के प्राचार्य कश्यप एवं महन्त लाल दास उत्तर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य तथा स्टाफ के सभी प्राध्यापक, शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।




