जिले की पहली महिला एपीसी हेमलता शर्मा भव्या फाउण्डेशन जयपुर द्वारा उत्कृष्ट समाजसेवी महिला के रूप में सम्मानित

जांजगीर-चाम्पा। जिले में समग्र शिक्षा में कार्यरत एपीसी हेमलता शर्मा को जयपुर स्थित भव्या फाउण्डेशन द्वारा उत्कृष्ट समाजसेवी महिला के रूप में सम्मानित किया गया है। विशेष बात यह है कि हेमलता शर्मा जिले की पहली महिला एपीसी हैं जिन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ है।
हेमलता शर्मा लंबे समय से शिक्षा, समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण तथा बच्चों के शैक्षणिक विकास के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। उनके द्वारा किए गए कार्यों से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है तथा समाज में जागरूकता बढ़ी है। उनके उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए भव्या फाउण्डेशन ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सम्मान प्राप्त होने पर हेमलता शर्मा ने भव्या फाउण्डेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व की बात है और इससे उन्हें आगे भी समाज और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
इस उपलब्धि पर जिले के अधिकारियों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने हेमलता शर्मा को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।




