जांजगीर में विद्युत उपभोक्ता जागरूकता बैठक आयोजित, उपभोक्ताओं को बताए गए अधिकार और शिकायत निवारण की प्रक्रिया

जांजगीर। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के अधीक्षण यंत्री कार्यालय जांजगीर में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के तत्वावधान में उपभोक्ता जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया तथा विभागीय व्यवस्थाओं की जानकारी देना था।
बैठक की अध्यक्षता विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी अशोक गोयल ने की। उन्होंने कहा कि विद्युत उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं की जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर सबसे पहले स्थानीय विद्युत वितरण केंद्र में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। यदि निर्धारित समयावधि में समस्या का समाधान नहीं होता है, तो उपभोक्ता अपना मामला विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।

कार्यक्रम में अधीक्षण यंत्री अमर चौधरी ने उपभोक्ताओं से सीधा संवाद करते हुए विभाग द्वारा बेहतर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण विभाग की प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से बिजली का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील भी की।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि बिजली आपूर्ति में व्यवधान, लो या हाई वोल्टेज की समस्या, लोड शेडिंग, अनियोजित बिजली कटौती, मीटर संबंधी शिकायतें, बिजली बिल में त्रुटियां, नए कनेक्शन में विलंब, विद्युत विच्छेदन एवं पुनर्संयोजन तथा सेवा मानकों के उल्लंघन जैसे मामलों में उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम का सहारा ले सकते हैं। इसके अलावा शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और शिकायतों के निराकरण की निर्धारित समय-सीमा के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान उपभोक्ताओं ने अपनी विभिन्न समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने सभी प्रश्नों का उत्तर देते हुए शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया समझाई और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम में कार्यपालन यंत्री हरिशंकर राठौर, अजय भारद्वाज एवं राकेश साहू, सहायक यंत्री कमलेश नेताम, उप अभियंता सौरभ कश्यप सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता उपस्थित रहे।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि उपभोक्ता जागरूकता और विभागीय जवाबदेही बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं को उनकी समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का लाभ मिल सके।





