Chhattisgarh

जांजगीर में पुलिस–बदमाश मुठभेड़, मास्टरमाइंड रामनाथ घायल, 8 आरोपी गिरफ्तार, 5 जगह डकैती व हत्या के प्रयास का खुलासा

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहे दुर्दांत अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए जिले का पहला बड़ा एनकाउंटर किया है। थाना शिवरीनारायण और थाना पामगढ़ क्षेत्र में हुई पुलिस–बदमाश मुठभेड़ में लूट गिरोह का मास्टरमाइंड रामनाथ पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जबकि गिरोह के अन्य 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय एक खतरनाक लूट व हिंसक गिरोह का पूरी तरह पर्दाफाश हो गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी रामनाथ ने घेराबंदी के दौरान देशी कट्टे से पुलिस पर फायरिंग की थी। आत्मरक्षा में की गई पुलिस फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पूरे गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की।

जानकारी के मुताबिक, 27 और 29 जनवरी की दरम्यानी रात थाना पामगढ़ और शिवरीनारायण क्षेत्र के अंतर्गत कुल 5 अलग-अलग स्थानों पर लूटपाट, मारपीट और हत्या के प्रयास की वारदातें हुई थीं। इन घटनाओं में 13 आम नागरिक घायल हुए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज बिलासपुर व रायपुर के अस्पतालों में चल रहा है। वहीं एक घायल की हालत कोमा में बताई जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह सुनसान और अंधेरे रास्तों पर मोटरसाइकिल से घूमता था। राहगीरों को रोककर उनके सिर पर रॉड, लोहे के पाइप और डंडों से जानलेवा हमला किया जाता था, फिर मोबाइल फोन और नकदी लूटकर आरोपी फरार हो जाते थे। लगातार एक के बाद एक घटनाओं को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत का माहौल फैलाना गिरोह का मुख्य उद्देश्य था।

थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के कचंदा, बोईदा और बोर्ड गांव में हुई घटनाओं में कई लोग घायल हुए, जिनमें मुकेश रायसागर और अमन बंजारे की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं थाना पामगढ़ क्षेत्र के सोनसरी, खोखरी, बारगांव, भवतरा सहित अन्य गांवों में भी हमले की घटनाएं सामने आईं, जिनमें कई ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 4 स्टील रॉड, 2 डंडे, बेल्ट, 4 मोटरसाइकिलें, 1 स्कूटी, 10 मोबाइल फोन, लूटे गए मोबाइल और नकद राशि सहित कुल लगभग ₹4,09,000 की संपत्ति जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में निखिल टंडन, मनीराम गोंड, नरेश यादव, रोशन टंडन, आयुष रात्रे सहित दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।

सभी आरोपियों के खिलाफ थाना शिवरीनारायण और थाना पामगढ़ में दर्ज अपराधों के तहत गंभीर धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस की इस आक्रामक और प्रभावी कार्रवाई से जांजगीर-चांपा जिले में अपराधियों के हौसले टूटे हैं और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।

Related Articles

Back to top button