Chhattisgarh

जांजगीर में छत्तीसगढ़ का पहला कृषक सदन तैयार, जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव और एग्रीटेक कृषि मेला में होगा लोकार्पण

जांजगीर चांपा । छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता नारायण चंदेल के सतत प्रयास और अनुशंसा से जिला मुख्यालय जांजगीर में प्रदेश का पहला कृषक सदन बनकर तैयार हो गया है। लगभग 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह कृषक सदन जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला के दौरान किसानों को समर्पित किया जाएगा। इसे राज्य के लिए एक मॉडल परियोजना के रूप में देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार पिछले पंचवर्षीय कार्यकाल के दौरान क्षेत्र के विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष रहे नारायण चंदेल की पहल पर कृषि प्रधान जिला जांजगीर में कृषक सदन की स्वीकृति मिली थी। किसानों के लिए विश्राम और बैठक व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाए गए इस सदन को प्रदेश में अपनी तरह की पहली सुविधा बताया जा रहा है।

कृषक सदन के निर्माण को लेकर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता जताई है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इससे जिले और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले किसानों को बड़ी सुविधा मिलेगी। किसानों के ठहरने, बैठक और कृषि गतिविधियों से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन के लिए यह भवन उपयोगी साबित होगा।

इस पहल के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी, उपाध्यक्ष गगन जैपुरिया, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष रेखा देवा गढ़वाल, चाम्पा नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, भाजपा जिला महामंत्री नंदनी राजवाड़े और नंद चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और किसान नेताओं ने नारायण चंदेल के प्रति आभार जताया है। किसान मोर्चा और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इसे किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए स्वागत किया है।

जिले और अंचल के कई जनप्रतिनिधियों, सरपंचों और किसान संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा है कि कृषक सदन की स्थापना से किसानों को एक स्थायी मंच मिलेगा और कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इस पहल को दूरदर्शी सोच का परिणाम बताते हुए प्रदेश में किसान हित में नई दिशा देने वाला कदम बताया है।

Related Articles

Back to top button