Chhattisgarh

जांजगीर में IPL सट्टेबाजी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन सट्टा लगाते युवक को रंगे हाथों पकड़ा

जांजगीर, 01 जून 2026। आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी पर लगाम कसने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना और सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस की संयुक्त टीम ने आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सट्टेबाजी में इस्तेमाल किया जा रहा मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान आनंद किशोर धीवर (24 वर्ष) निवासी घूरकोट, थाना जांजगीर के रूप में हुई है। आरोपी आईपीएल मैच के दौरान हार-जीत पर रुपये लगाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था।

पुलिस को बीती रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुजरात और आरसीबी के बीच खेले जा रहे आईपीएल मुकाबले पर एक व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा लगा रहा है और लोगों से रुपये लेकर हार-जीत पर दांव स्वीकार कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घूरकोट क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी आनंद किशोर धीवर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने आईपीएल मैच में सट्टा लगाने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने जब आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें ऑनलाइन सट्टेबाजी से संबंधित एप्लीकेशन और गतिविधियों के साक्ष्य मिले। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मैच के परिणाम पर रुपये का दांव लगाकर अवैध रूप से सट्टा संचालन कर रहा था।

मामले में थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 403/26 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आईपीएल और अन्य खेल प्रतियोगिताओं के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

साइबर टीम लगातार सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर नजर बनाए हुए है ताकि सट्टा कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उपनिरीक्षक बी.एस. लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, राकेश तिवारी, आरक्षक दिलीप सिंह तथा साइबर थाना जांजगीर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध सट्टेबाजी में शामिल व्यक्तियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button