जांजगीर-नैला में भगवान झूलेलाल चौक निर्माण को मिली मंजूरी, सिंधु समाज में खुशी की लहर

जांजगीर-नैला। नगर में लंबे समय से की जा रही भगवान झूलेलाल चौक निर्माण की मांग आखिरकार पूरी हो गई। नगर पालिका जांजगीर-नैला की 6 मई 2026 को आयोजित परिषद की आम सभा बैठक में भगवान झूलेलाल चौक निर्माण प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई। इस निर्णय के बाद पूरे सिंधु समाज में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
बताया जा रहा है कि पिछले दो से तीन वर्षों से सिंधु युवा समिति द्वारा नगर में भगवान झूलेलाल चौक निर्माण की लगातार मांग की जा रही थी। समिति के सदस्यों ने विभिन्न स्तरों पर इस मांग को प्रमुखता से उठाया था। परिषद की बैठक में प्रस्ताव रखे जाने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी पार्षदों ने एकमत होकर चौक निर्माण की अनुमति प्रदान की।

निर्णय की जानकारी मिलते ही सिंधु समाज के लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। समाज के लोगों ने इसे ऐतिहासिक फैसला बताते हुए नगर पालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही यह संकल्प भी लिया गया कि नगर में भगवान झूलेलाल का भव्य और आकर्षक चौक बनाया जाएगा, जिसमें पूरे समाज का सहयोग रहेगा।
सिंधु युवा समिति ने इस उपलब्धि का श्रेय समाज की एकजुटता और लगातार किए गए प्रयासों को दिया। समिति के प्रमुख सदस्यों में राकेश रूपवानी, मुकेश बजाज, गौरव बजाज, दीपक गुरनानी और विक्की बजाज का विशेष योगदान बताया गया। इसके अलावा चीनी गुरुनानी सहित अन्य समाजसेवियों ने भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।
समाज के टहलनी परिवार, खत्री परिवार, सीतलानी परिवार, संतवानी परिवार, गुरनानी परिवार, बजाज परिवार, रूपवानी परिवार, चावला परिवार और तलवानी परिवार सहित अनेक सिंधु परिवारों ने नगर पालिका की पूरी टीम को धन्यवाद ज्ञापित किया। समाज के लोगों का कहना है कि भगवान झूलेलाल चौक का निर्माण केवल एक धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं होगा, बल्कि यह नगर की सांस्कृतिक पहचान को भी नई पहचान देगा।
नगर में चौक निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद अब सिंधु समाज जल्द ही निर्माण कार्य की रूपरेखा तैयार करने में जुटेगा। समाज के लोगों का मानना है कि भगवान झूलेलाल चौक आने वाले समय में नगर का प्रमुख आकर्षण बनेगा।




