Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 106 अधिकारी-कर्मचारियों का तबादला,महिला थाना में 11 की पदस्थापना, 31 मार्च को होगा शुभारंभ

जांजगीर-चांपा, 25 मार्च 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में व्यापक स्तर पर फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) द्वारा जारी आदेश के तहत कुल 106 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों का तबादला करते हुए उन्हें नई पदस्थापना दी गई है।

जारी आदेश के अनुसार, लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर स्थानांतरित किया गया है। लगभग तीन वर्षों से एक ही जगह पदस्थ पुलिस कर्मियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे कार्य प्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता लाने का प्रयास किया गया है।

महिला थाना में नई नियुक्तियां

जिले के नवीन महिला थाना में 11 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की पदस्थापना की गई है। महिला थाना का प्रभार उपनिरीक्षक सिलमानी टोप्पो को सौंपा गया है, जो थाना प्रभारी के रूप में कार्यभार संभालेंगी। महिला थाना का शुभारंभ 31 मार्च को आईजी बिलासपुर द्वारा किया जाएगा।

रिस्पॉन्स टीम में भी बदलाव

आपातकालीन स्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जिले की रिस्पॉन्स टीम में भी बदलाव किया गया है। इससे आम जनता को अधिक तेज़ और प्रभावी पुलिस सेवा मिल सकेगी।

पुलिस विभाग के इस कदम को कानून-व्यवस्था में कसावट लाने और अपराध नियंत्रण को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि समय-समय पर किए जाने वाले तबादलों से कार्य में नई ऊर्जा के साथ जवाबदेही भी बढ़ती है।

Related Articles

Back to top button