जांजगीर-चांपा में तीन मंदिरों में 16.60 लाख की चोरी का 48 घंटे में खुलासा, एसपी विजय कुमार पांडेय ने प्रेस वार्ता में किया खुलासा

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में तीन प्रमुख मंदिरों में हुई करीब 16 लाख 60 हजार रुपये की सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस कार्रवाई में तीन मुख्य आरोपियों और एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत माल, वारदात में इस्तेमाल किया गया इलेक्ट्रॉनिक कटर और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
एसपी ने बताया कि 1-2 अगस्त की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने जिले के तीन अलग-अलग मंदिरों को निशाना बनाया था। पहली घटना बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के रामजानकी मंदिर में हुई, जहां से चांदी के दो छत्र चोरी किए गए। दूसरी वारदात नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम महत स्थित चंडी दाई मंदिर में हुई, जहां देवी प्रतिमाओं के चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण और दान पेटी चोरी कर ली गई। तीसरी चोरी ग्राम जगमहंत स्थित बद्री विशाल मंदिर में हुई, जहां से चांदी का छत्र पार कर दिया गया।
तीनों मामलों में थाना नवागढ़ और बम्हनीडीह में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विशेष जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पांडेय स्वयं घटनास्थलों पर पहुंचे और साइबर थाना, नवागढ़ तथा बम्हनीडीह पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क के मार्गदर्शन में गठित टीम ने घटनास्थलों से लेकर आरोपियों के संभावित आने-जाने वाले मार्गों का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में घटना के समय एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर चार युवक सवार दिखाई दिए। इसके बाद साइबर तकनीक और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
एसडीओपी लोकेश बंसल और सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में पूछताछ के दौरान शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि चोरी का पूरा सामान प्रशांत पटेल के घर के पीछे गड्ढे में छिपाकर रखा गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के छत्र, मुकुट, चक्र, दान पेटी से चोरी की गई नकदी सहित कुल 16.60 लाख रुपये का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सभी आरोपी घटना से एक दिन पहले ही मंदिरों की रेकी कर चुके थे। उन्होंने पहले चोरी की योजना बनाई और फिर देर रात तीन अलग-अलग मंदिरों में वारदात को अंजाम दिया। ताले काटने के लिए इलेक्ट्रॉनिक कटर का उपयोग किया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लाखों रुपये के कर्ज में डूबे हुए थे, जिसके चलते उन्होंने चोरी की योजना बनाई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रशांत पटेल (23 वर्ष), प्रभात पटेल (18 वर्ष 2 माह) और परमानंद पटेल (25 वर्ष) निवासी ग्राम घुटिया, थाना पामगढ़ के रूप में हुई है। इनके साथ एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक भी मामले में शामिल है।
इस पूरी कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, थाना नवागढ़ प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, थाना प्रभारी बम्हनीडीह उपनिरीक्षक दिलीप सिंह सहित साइबर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक, साइबर विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के प्रभावी उपयोग से इतनी कम अवधि में बड़ी चोरी का खुलासा संभव हो सका।




