छत्तीसगढ़: री-चेकिंग के बाद बड़ा उलटफेर, 10वीं में अब चार टॉपर, 12वीं के टॉप-10 में 13 नए छात्रों की एंट्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन के बाद 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा की स्थायी मेरिट सूची जारी कर दी है। उत्तरपुस्तिकाओं की दोबारा जांच के बाद कई छात्रों की रैंक में जबरदस्त उछाल आया है।
10वीं में अब चार संयुक्त टॉपर
अस्थायी मेरिट सूची में 8वें स्थान पर रहने वाले छात्र एहसान अली ने जब पुनर्मूल्यांकन कराया, तो अंक बढ़ने के साथ ही वह सीधे बोर्ड के टॉपर बन गए। एहसान के पहले पायदान पर आने के बाद अब 10वीं में चार छात्र संयुक्त रूप से टॉपर हैं। इनमें संध्या नायक, परीरानी प्रधान, अंशुल शर्मा और एहसान अली शामिल हैं।
टॉप-10 की स्थायी मेरिट सूची में 13 नए नाम जुड़े हैं। इससे 10वीं की मेरिट में छात्रों की कुल संख्या 42 से बढ़कर 55 हो गई है। सूची में 5वें स्थान पर एक नया छात्र, जबकि 7वें, 8वें, 9वें और 10वें स्थान पर 3-3 नए छात्र शामिल हुए हैं।
12वीं बोर्ड: तनीषा की छलांग और मेधावियों का दबदबा
12वीं में छात्रा तनीषा साहू को पुनर्मूल्यांकन का बड़ा फायदा मिला है। वे अस्थायी सूची के 8वें स्थान से छलांग लगाकर सीधे चौथे स्थान पर आ गई हैं। 12वीं की स्थायी मेरिट सूची में भी 13 नए विद्यार्थी शामिल हुए हैं। इससे टाप-10 में छात्रों की कुल संख्या 43 से बढ़कर 56 हो गई है। 12वीं में पहले स्थान पर एकमात्र छात्र जिज्ञासु वर्मा का नाम यथावत है। सूची में 6वें क्रम पर दो, 7वें पर एक, 8वें पर तीन, 9वें पर चार और 10वें स्थान पर तीन नए विद्यार्थी जुड़े हैं।
10 हजार से अधिक कॉपियों में बढ़े अंक
मुख्य परीक्षा के अंकों से असंतुष्ट दोनों कक्षाओं के कुल 17,205 छात्रों ने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था। दोबारा जांच में 10,415 कॉपियों के नंबर बदल गए। अधिकांश के 20 से अधिक अंक बढ़े हैं। इसके लिए 1,970 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 274 कापियों में अंक परिवर्तित हुए हैं। नई व्यवस्था के तहत इस बार बोर्ड ने पुनर्मूल्यांकन में पांच फीसदी अंक बढ़ने पर भी वृद्धि को मान्य किया है, जबकि पहले न्यूनतम 10 फीसदी अंक बढ़ने पर ही इसे लागू किया जाता था।




