Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में यहां हुआ फ्रिज ब्लास्ट से लगी भीषण आग, 57 वर्षीय महिला की जिंदा जलकर मौत

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक घर में रखे फ्रिज में हुए जोरदार ब्लास्ट के बाद पूरे मकान में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 57 वर्षीय महिला की जिंदा जलने से मौत हो गई।

घटना सरकंडा थाना अंतर्गत लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे की बताई जा रही है। मृतका की पहचान जया अग्रवाल (57 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जया अग्रवाल यहां अपने मुंहबोले भाई के साथ रहती थीं, जो पेशे से वकील हैं। उनका परिवार बेंगलुरु में रहता है।

बताया जा रहा है कि रविवार देर रात घर में महिला अकेली थीं। इसी दौरान घर में रखे फ्रिज में अचानक तकनीकी खराबी के कारण जोरदार ब्लास्ट हो गया, जिससे कुछ ही पलों में घर में आग फैल गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत मौके पर पहुंचकर बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करने लगे। साथ ही घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब दमकलकर्मी घर के अंदर पहुंचे तो अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। महिला आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस चुकी थी और मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button