Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची से जुड़ेंगे 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी, घर-घर जाकर होगा सत्यापन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची को अधिक समावेशी और अद्यतन बनाने के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत प्रदेश में कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने के साथ पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने की पहल की जाएगी। इसके लिए स्कूलों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। साथ ही, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें भी सूची में शामिल किया जाएगा।

अभियान के अंतर्गत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान वर्तमान मतदाता सूची की पूर्व में उपलब्ध सूची से तुलना की जाएगी, ताकि ऐसे लोगों की पहचान की जा सके, जिनका नाम पहले मतदाता सूची में दर्ज था, लेकिन अब किसी कारणवश सूची में शामिल नहीं है। सत्यापन के दौरान पात्र पाए जाने वाले नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

अभियान के तहत बीएलओ को प्रत्येक सप्ताह 20 से 25 नए मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार इस प्रक्रिया को लगभग एक महीने में पूरा करने की योजना है। अभियान का दायरा केवल मतदान केंद्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों तथा बेघर और वंचित लोगों के बीच भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से ऐसे पात्र नागरिकों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा, जिन्हें विभिन्न कारणों से मतदाता पंजीकरण की सुविधा नहीं मिल पाती है।

स्कूलों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के माध्यम से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण और चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान के महत्व की समझ विकसित करना है, ताकि पात्रता प्राप्त करने पर वे समय पर मतदाता के रूप में पंजीकरण करा सकें। अभियान को लेकर बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं और घर-घर सर्वे की प्रक्रिया जारी है।

पात्र नागरिक और नए मतदाता ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग के ECINET ऐप, आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा संबंधित क्षेत्र के बीएलओ की सहायता ली जा सकती है। ECINET ऐप में ‘Book a Call with BLO’ की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसके जरिए बीएलओ से संपर्क करने का अनुरोध किया जा सकता है। मतदाता पंजीकरण से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

निर्वाचन विभाग की इस पहल से मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को अधिक सुलभ बनाने और पात्र नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button