छत्तीसगढ़: एनीकेट में फिर डूबा युवक, दोस्तों के साथ नहाने गया था, गेट में फंसा मिला शव

रायगढ़, 11 मई। रायगढ़ जिले में केलो नदी पर स्थित पचधारी एनीकेट एक बार फिर हादसे का कारण बन गया। रविवार को दोस्तों के साथ नहाने पहुंचे एक युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक का शव एनीकेट के गेट में फंसा मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मृतक के परिजनों में मातम छा गया।
मृतक की पहचान रियापाली निवासी अजय सिदार (25 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार की छुट्टी होने के कारण अजय अपने चार दोस्तों के साथ केलो नदी स्थित पचधारी एनीकेट घूमने और नहाने पहुंचा था। भीषण गर्मी के बीच सभी युवक नदी में उतरकर नहा रहे थे। इसी दौरान अजय एनीकेट के दूसरे गेट के पास चला गया, जहां पानी का बहाव काफी तेज था।
बताया जा रहा है कि गहराई और तेज बहाव का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण अजय अचानक पानी में डूबने लगा और बहाव में फंसकर गेट के भीतर चला गया। अपने दोस्त को डूबते देख अन्य युवक घबरा गए और आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाने लगे।
घटना की सूचना तत्काल सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद शाम करीब साढ़े छह बजे युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है।
कोतवाली थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल ने बताया कि अजय सिदार अपने दोस्तों के साथ पचधारी एनीकेट नहाने आया था। उसके कुछ दोस्त रायगढ़ में रहते हैं, जिनके साथ वह यहां पहुंचा था। पुलिस ने शव बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि केलो नदी का पचधारी एनीकेट पहले भी कई हादसों का गवाह बन चुका है। यहां डूबने से पूर्व में भी कई लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन इस क्षेत्र को असुरक्षित घोषित कर चुका है। एनीकेट के दोनों ओर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, जिनमें नहाने और गहरे पानी में जाने से मना किया गया है।
इसके बावजूद रविवार और छुट्टियों के दिन यहां बड़ी संख्या में युवक और पर्यटक पहुंचते हैं और चेतावनी को नजरअंदाज कर पानी में उतर जाते हैं। पुलिस द्वारा नियमित पेट्रोलिंग और समझाइश के बाद भी लोग जोखिम उठाने से बाज नहीं आ रहे हैं। गर्मी के मौसम में सुरक्षा नियमों की अनदेखी कई बार जानलेवा साबित हो रही है।




