Chhattisgarh

चोरिया बाजार में नए कानूनों और नशा मुक्ति पर पुलिस का जनजागरूकता अभियान

जांजगीर-चांपा। जिले में नए आपराधिक कानूनों और नशा मुक्ति को लेकर पुलिस का जनजागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सारागांव थाना क्षेत्र के ग्राम चोरिया के साप्ताहिक बाजार में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) सहित नए आपराधिक कानूनों की जानकारी सरल भाषा में दी गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे ने किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को बताया कि नए आपराधिक कानून न्याय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से लागू किए गए हैं। नागरिकों से कानूनों का पालन करने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति अभियान के तहत युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, व्यापारी, ग्रामीण तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि आमजन को कानूनों के प्रति जागरूक करने और नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button