Chhattisgarh

घर में फंदे पर लटका मिला व्यापारी का शव: कोरबा में भजिया-बड़ा बेचकर चलाता था परिवार, आत्महत्या की वजह साफ नहीं

कोरबा जिले के मोतीसागर पारा क्षेत्र में शनिवार सुबह व्यापारी की घर में फंदे पर लटकी लाश मिली है। मृतक की पहचान जगमोहन केंवट (40) के रूप में हुई है। वह भजिया-बड़ा बेचकर पत्नी और दो बच्चों का पालन-पोषण करते थे। शनिवार सुबह परिजनों ने जगमोहन को कमरे में पंखे से कपड़े के सहारे लटका देखा। इसके बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई और मौके पर भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और परिजनों के बयान दर्ज किए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।

आत्महत्या की वजह अभी साफ नहीं पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जगमोहन ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजन भी घटना की वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाए हैं। परिवार और पड़ोसियों से पूछताछ कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस पारिवारिक विवाद, आर्थिक परेशानी या किसी अन्य कारण की संभावना को ध्यान में रखते हुए परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button