Chhattisgarh

घंटाघर से महाराणा प्रताप चौक मार्ग पर हुआ वृक्षारोपण, हरित कोरबा के संकल्प को मिली नई गति

कोरबा, 18 अगस्त 2026। पर्यावरण संरक्षण और शहर को हराभरा बनाने के उद्देश्य से संचालित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत मंगलवार को कोरबा के घंटाघर से महाराणा प्रताप चौक मार्ग पर सघन वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिक निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ नागरिकों ने भी सहभागिता निभाई और विभिन्न स्थानों पर पौधों का रोपण किया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा वन विभाग के सहयोग से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चलाया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण और “हरित कोरबा” के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से 18 जुलाई से जिले में सघन वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसी कड़ी में मंगलवार को घंटाघर से महाराणा प्रताप चौक मार्ग पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधे लगाए तथा उनकी देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर, संतोष यादव, मनमोहन, फिरतु, गोपी, अमर सिंह सहित अन्य नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।

अभियान के माध्यम से शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और नागरिकों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत लगाए जा रहे पौधों के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि आने वाले वर्षों में कोरबा को अधिक हरा-भरा और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाया जा सके।

जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़कर पौधारोपण करें और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाएं।

Related Articles

Back to top button