गर्लफ्रेंड के घर मिली बॉयफ्रेंड की लाश, दोनों की होने वाली थी शादी, शराब पार्टी के दौरान हुआ था विवाद

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में शराब पार्टी के बाद गर्लफ्रेंड के घर बॉयफ्रेंड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गर्लफ्रेंड ने उसे थप्पड़ जड़ दिया था, जिसके बाद वह छत पर बेसुध हालत में मिला। गर्लफ्रेंड ने उसे CPR दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई।बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड के बीच विवाद की बात सामने आई है। पूरा मामला अंजोरा चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक घटना के समय उनके साथ एक और कपल भी शराब पार्टी कर रहा था। फिलहाल पुलिस ने सभी के बयान दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। लड़की नर्सिंग की छात्रा है। लड़का पहले प्राइवेट नौकरी करता था, लेकिन कुछ समय पहले उसकी नौकरी छूट गई थी। दोनों की शादी होने वाली थी। उसकी मां रायपुर के एक स्कूल में सरकारी शिक्षिका हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी।
जानकारी के मुताबिक सिद्धांत दान (28) सोमवार रात अपनी गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। उस समय घर पर अंजलीना के साथ रायगढ़ की रहने वाली सहेली निमिषा, उसका बॉयफ्रेंड गौरव और बोरसी की ग्रेसी भी मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि रात में सभी ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान सिद्धांत और अंजलीना के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
शराब पार्टी के दौरान हुआ था विवाद
शुरुआती जांच के मुताबिक शराब के नशे में सिद्धांत ने अंजलीना को गाली दी, जिसके बाद अंजलीना ने उसे थप्पड़ मार दिया।विवाद के बाद सिद्धांत गुस्से में घर की छत पर चला गया। कुछ देर बाद अंजलीना उसे देखने के लिए छत पर पहुंची तो सिद्धांत वहां बेसुध हालत में पड़ा मिला। अंजलीना ने सिद्धांत को होश में लाने की कोशिश की और उसे सीपीआर भी दिया, लेकिन उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद अंजलीना और घर में मौजूद अन्य लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद सिद्धांत को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चता चलेगा मौत की असली वजह
घटना की सूचना मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। शुरुआती जांच में गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड के बीच विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, सिद्धांत की मौत किस वजह से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह सामने आएगी। सिद्धांत किस परिस्थिति में छत पर बेसुध हुआ और उसकी मौत कैसे हुई, पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




