खाना खाकर सोया बुजुर्ग, सुबह उठा ही नहीं… शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, खाट भी जला, सोते-सोते हुई मौत

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सोता हुआ बुजुर्ग अपनी ही खाट पर जिंदा जल गया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं पुलिस ने भी शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। खाट में लगी भीषण आग ये दर्दनाक हादसा बिरेझर चौकी क्षेत्र के नवागांव कचना में हुआ है।
मृतक की पहचान नोहर यादव के रूप में हुई है, जो कि गुरूवार की रात में खाना खाकर रोज की तरह अपनी खाट पर सो गया, लेकिन देर रात अचानक उसकी खाट में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार वालों ने जब लाइट बंद होने पर देखा, तो बुजुर्ग धू-धूकर जल रहा था।
इसके बाद आनन फानन में परिवार ने आग बुझाई और करीब 60 प्रतिशत तक झुलस चुके बुजुर्ग को जिला अस्पताल धमतरी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है।




