कोरबा: सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल में परिणाम घोषणा दिवस आयोजित, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

कोरबा, 24 मार्च 2026।
कोरबा जिले के सेंट जेवियर्स पब्लिक स्कूल में मंगलवार को कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए परिणाम घोषणा दिवस का गरिमामय एवं सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्साह, जिज्ञासा और उल्लास के वातावरण से सराबोर रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जी.के. द्विवेदी (जी.एम., सेंट्रल वर्कशॉप, एसईसीएल, कोरबा) उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सूर्य नारायण केसरी (सीएमओ, कोरबा) तथा सम्मानित अतिथि के रूप में डॉ. पुष्पेश कुमार (जिला इम्यूनाइजेशन अधिकारी) ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई। सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से बैज लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर प्रांजल झा, प्रबंधक डॉ. डी.के. आनंद, प्रभारी प्राचार्या श्रीमती रीता मुखर्जी सहित शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन से अभिभावकों को अवगत कराना तथा उनके समग्र विकास के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करना रहा। अभिभावकों ने अपने बच्चों की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त कर शिक्षकों से उनके प्रदर्शन, व्यवहार, रुचियों एवं सुधार के क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कक्षा-वार रैंक होल्डर्स को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यालय परिसर में गौरव और प्रेरणा का माहौल बना। साथ ही मेधावी विद्यार्थियों को “स्कॉलर बैज” प्रदान किए गए।
विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सहभागिता एवं व्यक्तित्व विकास के संबंध में अभिभावकों को विस्तृत जानकारी दी और विद्यार्थियों को आगामी सत्र में और अधिक परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर प्रयास और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध कराई जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सकारात्मक वातावरण की सराहना भी की।
विद्यालय प्रबंधन ने आगामी विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्री-प्राइमरी विंग के लिए नए भवन का निर्माण, स्विमिंग पूल, आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं कॉन्फ्रेंस हॉल बनाए जाएंगे। साथ ही नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11 में नए विषयों की शुरुआत तथा विद्यालय में स्थापित एनसीसी विंग की जानकारी भी साझा की गई।
परिणाम घोषणा दिवस विद्यार्थियों के लिए आत्ममूल्यांकन का अवसर साबित हुआ, वहीं अभिभावकों और शिक्षकों के बीच सहयोग को और मजबूत करने का माध्यम भी बना। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




