Chhattisgarh

कोरबा में नाबालिग पर चाकू से हमला, पुरानी रंजिश में दर्जनभर युवकों ने की मारपीट

0.घटना में शामिल 7 नाबालिगों पर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई

कोरबा। शहर के सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत पंप हाउस इलाके में शुक्रवार को एक नाबालिग पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बातचीत के बहाने बुलाए गए नाबालिग पर पुरानी रंजिश के चलते दर्जनभर से अधिक बदमाशों ने एक साथ हमला कर दिया। पहले जमकर मारपीट की गई, इसके बाद एक नाबालिग आरोपी ने चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल नाबालिग को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है, हालांकि शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं और उपचार जारी है। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश कारण हो सकती है। बताया जा रहा है कि पहले से चले आ रहे विवाद को लेकर ही पीड़ित को बातचीत के बहाने बुलाकर इस हमले को अंजाम दिया गया।

सूचना मिलते ही सीएसईबी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, हमलावर आरामशीन क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि घायल नाबालिग पंप हाउस इलाके का रहने वाला है।

सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद 7 नाबालिग आरोपियों की पहचान कर उन्हें तलब किया गया है। इनके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान आरोपियों के पास से मोबाइल फोन सहित हमले में इस्तेमाल किए गए अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

Related Articles

Back to top button