कोरबा में त्योहारों से पहले पुलिस की कार्रवाई, दो दिन में 13 लोगों पर शिकंजा

कोरबा, 19 अक्टूबर। रावण दहन और आगामी त्योहारों के दौरान जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस ने असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों और आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने दो दिनों के भीतर 13 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इनमें से सात लोगों को शांति भंग करने की आशंका के चलते गिरफ्तार कर सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया। वहीं, चेक बाउंस के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार, SP के निर्देश पर त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 अक्टूबर को कोतवाली थाना क्षेत्र में ऐसे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिनसे शांति भंग होने की आशंका थी।
इस दौरान पुलिस ने शहबाज अली उर्फ बुट्टू उर्फ गोलू (28), अनुराग कुमार खुटे (20), दीपक सोनवानी (21), मोहन केवट (42), विशाल दास (29), छोटू यादव (38) और सूरज दास महंत (22) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी कोरबा के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद सभी को सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया।
इसके अलावा, कोतवाली पुलिस ने चेक बाउंस के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटी सुखलाल यादव (48), निवासी रामसागर पारा, को भी गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कोरबा के न्यायालय में परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत प्रकरण लंबित है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रावण दहन और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हुड़दंग, मारपीट, शराब के नशे में गाली-गलौज और अन्य संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी नजदीकी थाना, पुलिस चौकी या डायल-112 पर देने की अपील की गई है।



