कोरबा में अवैध कबाड़ कारोबार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कई यार्ड बुलडोजर से ध्वस्त

कोरबा, 16 मार्च 2026।
कोरबा शहर में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अवैध कबाड़ यार्डों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के निर्देशन में जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

प्रशासन की इस कार्रवाई में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा कर संचालित किए जा रहे कबाड़ यार्डों को हटाया गया। बताया गया कि कई स्थानों पर एकड़ो जमीन पर कब्जा कर अवैध रूप से कबाड़ का कारोबार किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान इन यार्डों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में अवैध कारोबार, अतिक्रमण और शासकीय जमीन पर कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
शहर के राताखार क्षेत्र में एक कबाड़ कारोबारी द्वारा लगभग 70 डिसमिल शासकीय जमीन पर कब्जा कर दो कबाड़ यार्ड बनाए गए थे, जहां भारी मात्रा में कबाड़ जमा किया गया था। प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की मदद से दोनों यार्डों को ध्वस्त कर दिया।
मौके पर ही उक्त कारोबारी द्वारा निर्मित बाउंड्रीवाल सहित तीन मंजिला मकान भी पाया गया। अतिक्रमण हटाने वाली टीम ने मकान की बाउंड्रीवाल को जेसीबी से तोड़ दिया। वहीं मकान के संबंध में संबंधित व्यक्ति को सामान हटाने के लिए मंगलवार तक का समय दिया गया है, जिसके बाद अवैध रूप से निर्मित मकान को भी तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
इसी तरह मुड़ापार रामनगर क्षेत्र में एक कबाड़ कारोबारी द्वारा लगभग एक-एक एकड़ शासकीय जमीन पर कब्जा कर दो कबाड़ यार्ड संचालित किए जा रहे थे। प्रशासन की टीम ने वहां भी कार्रवाई करते हुए दोनों यार्डों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
झगरहा बस्ती क्षेत्र में भी प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए करीब 50 डिसमिल जमीन पर बनाए गए दो अवैध कबाड़ यार्डों को बुलडोजर से हटवा दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में शासकीय जमीन पर अतिक्रमण कर बिना अनुमति संचालित किए जा रहे अवैध कबाड़ यार्डों की पहचान कर आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि अवैध कब्जा और अवैध कारोबार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




