Chhattisgarh

कोरबा: फरार वाहन चोर गिरफ्तार, एक और चोरी की टाटा मैजिक बरामद

‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत उरगा पुलिस की कार्रवाई, चोरी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त

कोरबा,15 जुलाई 2026। जिले में चलाए जा रहे ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत उरगा पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर एक और चोरी की टाटा मैजिक वाहन बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की वारदातों में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों और वाहन चोरों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना उरगा पुलिस ने फरार आरोपी साहिल कुमार बागले को गिरफ्तार किया। इससे पहले इसी प्रकरण में करण भारद्वाज, निवासी ग्राम नोनबिर्रा (थाना करतला) को गिरफ्तार कर एक चोरी की टाटा मैजिक बरामद की जा चुकी थी। विवेचना के दौरान करण से पूछताछ में साहिल कुमार बागले की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर साहिल कुमार बागले को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने करण भारद्वाज के साथ मिलकर वाहन चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने थाना कोतवाली क्षेत्र से एक अन्य टाटा मैजिक चोरी करने की बात भी स्वीकार की। जांच में यह वाहन थाना कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 820/2025 से संबंधित पाया गया। पुलिस ने वाहन बरामद कर जब्त कर लिया है, जबकि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई थाना कोतवाली द्वारा की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। प्रारंभिक जांच में आरोपी का सीएसईबी-मानिकपुर थाना क्षेत्र में भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। पुलिस उसके अन्य मामलों में संभावित संलिप्तता और गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में भी जांच कर रही है।

पुलिस ने कहा है कि ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत वाहन चोरी, नकबजनी, लूट तथा अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button