कोरबा: जनपद उपाध्यक्ष सहित कई लोगों पर महिला से दुष्कर्म कर हत्या का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई गुहार

कोरबा। जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक ग्रामीण ने जनपद उपाध्यक्ष सहित कई लोगों पर अपनी पत्नी के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में एक ही आरोपी पर कार्रवाई होने से नाराज पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुम्हारीसानी थाना पसान निवासी गनपत सिंह मरकाम ने शिकायत में बताया कि उसके चाचा इतवार सिंह के निधन के बाद 21 फरवरी को ग्राम सिर्री में दशगात्र कार्यक्रम आयोजित था, जिसमें उसकी पत्नी जयकुंवर शामिल होने गई थी। कार्यक्रम के बाद उसकी भाभी लीलावती मायके चली गई, जबकि उसकी पत्नी 22 फरवरी को घर लौटने के लिए निकली, लेकिन वापस नहीं पहुंची।

गनपत ने बताया कि उसने पत्नी की काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। 26 फरवरी को थाना पसान और मीडिया के माध्यम से उसे सूचना मिली कि रानी सागर स्थित सुखरी तालाब के पास एक महिला का शव मिला है। मौके पर पहुंचकर उसने शव की पहचान अपनी पत्नी जयकुंवर के रूप में की।
पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार से पहले जब शव को नहलाया गया, तब उसके शरीर पर संदिग्ध हालत में खून के निशान मिले, जिससे दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई गई।
पीड़ित का आरोप है कि गांव में मिली जानकारी के अनुसार उसकी पत्नी को आखिरी बार जनपद उपाध्यक्ष प्रकाश चंद जाखड़ के घर के पास देखा गया था। वहीं, सीसीटीवी फुटेज में सुखदेव करियाम उसे मोटरसाइकिल पर ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। गनपत ने आरोप लगाया कि इस मामले में सुखदेव करियाम के साथ पवन सिंह मरकाम, शंकर नेटी, कपिल करियाम और प्रकाश चंद जाखड़ भी शामिल हैं।
पीड़ित ने यह भी बताया कि जब उन्होंने प्रकाश चंद जाखड़ के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने की मांग की, तो उन्हें गाली-गलौज कर भगा दिया गया, जिससे संदेह और गहरा गया।
गनपत सिंह मरकाम का कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने केवल एक आरोपी सुखदेव करियाम के खिलाफ कार्रवाई की है, जबकि अन्य आरोपियों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रकाश चंद जाखड़ प्रभावशाली और रसूखदार व्यक्ति है, जिसके कारण पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही है।
पीड़ित ने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है और कहा है कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी आरोपियों की होगी।
पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस की ओर से फिलहाल मामले की जांच जारी होने की बात कही जा रही है।




