कोरबा के शासकीय महाविद्यालय बरपाली में ‘इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब’ का गठन

कोरबा। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले के युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 19 फरवरी 2026 को विकासखंड करतला स्थित शासकीय महाविद्यालय बरपाली में ‘इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC)’ का गठन किया गया। कार्यक्रम में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के लिए पोस्टर, रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) एवं मतदान के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया। प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के गठन के उद्देश्यों एवं SIR के महत्व पर प्रकाश डालते हुए 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक युवा से जागरूक मतदाता के रूप में अपना नाम मतदाता सूची में पंजीकृत कराने का आह्वान किया। उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए स्वीप कार्यक्रम से जुड़कर सक्रिय योगदान देने की अपील की।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सी.पी. नंद ने कहा कि संस्थान स्वीप कार्यक्रम की गतिविधियों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। छात्र अभिषेक एवं राजेश कुमार ने भी ईएलसी क्लब के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन स्वीप प्रभारी लक्ष्मी साहू ने किया। इस दौरान डॉ. ए.के. सिंह, डी.डी. महंत, डी.के. चंद्रा, अरविंद खाखा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने शत-प्रतिशत मतदान एवं मतदाता पंजीकरण के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।




