कोरबा : एनटीपीसी गेट पर तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक की भीषण टक्कर, युवक गंभीर घायल

कोरबा, 18 दिसंबर । कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत एनटीपीसी गेट पर 17 दिसंबर की देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। तेज रफ्तार से आ रही एक स्पोर्ट्स बाइक अनियंत्रित होकर सीधे एनटीपीसी के स्टील गेट से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और गेट भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सिर में गहरी चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को एक निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, घायल युवक दर्री क्षेत्र का ही निवासी है। उसके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक अत्यधिक तेज गति से बाइक चला रहा था, इसी दौरान उसने नियंत्रण खो दिया और सीधे एनटीपीसी गेट से टकरा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक की रफ्तार काफी ज्यादा थी, जिसके कारण हादसा टल नहीं सका।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। जानकारी के मुताबिक, युवक अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था। उसके दोस्त तो घर लौट गए थे, लेकिन युवक किसी काम से एनटीपीसी की ओर चला गया, जहां यह दुर्घटना हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार बाइकर्स और वाहन दौड़ते नजर आते हैं, जिससे पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कोरबा शहर और आसपास के इलाकों में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हादसों की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं, जिस पर पुलिस द्वारा समय-समय पर कार्रवाई भी की जाती रही है।
फिलहाल, दर्री थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर थाने में रख लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से वाहन न चलाने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।




